शामली। यातायात नियमों को हल्के में लेना वाहन चालकों को भारी पड़ रहा है। बार-बार चालान होने के बावजूद जुर्माना जमा नहीं करने वालों पर परिवहन विभाग ने शिकंजा कस दिया है। विभाग ने ऐसे 25 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। कार्रवाई के बाद नियमों की अनदेखी करने वाले चालकों में खलबली मची है।एआरटीओ प्रवेश कुमार ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर वाहन चालकों के चालान किए जाते हैं। इसके बावजूद कुछ चालक बार-बार नियम तोड़ते हैं और जुर्माने की राशि भी जमा नहीं करते। ऐसे चालकों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। जिन 25 चालकों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं, उनके सात से अधिक बार चालान हो चुके थे।परिवहन विभाग के अनुसार, इससे पहले भी 50 से अधिक वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए जा चुके हैं। विभाग अब ऐसे मामलों में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहा है।नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की पहचान के लिए परिवहन विभाग ने पुलिस से भी जानकारी मांगी है। पुलिस से मिलने वाले विवरण के आधार पर ऐसे चालकों को चिह्नित किया जाएगा, जो कई बार चालान होने के बाद भी जुर्माना जमा नहीं कर रहे हैं।एआरटीओ प्रवेश कुमार ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों को राहत नहीं दी जाएगी। ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग का उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार बनाना और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group