मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर थाना क्षेत्र के नोना गांव में पारिवारिक विवाद के चलते एक दंपती की जिंदगी संकट में पड़ गई। रविवार रात पति-पत्नी ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। दोनों की हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। वहां उपचार के दौरान पत्नी की मौत हो गई, जबकि गंभीर हालत में पति को मेरठ रेफर कर दिया गया। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।जानकारी के अनुसार, गांव निवासी दिनेश और उसकी पत्नी दीपा के बीच पिछले कुछ समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। रविवार रात दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद दोनों ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। हालांकि, दीपा को बचाया नहीं जा सका। दिनेश की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया।दीपा और दिनेश की शादी वर्ष 2021 में हुई थी। दोनों का ढाई साल का एक बेटा है। मां की मौत और पिता की गंभीर हालत के कारण मासूम पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है और गांव में भी शोक का माहौल है।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। शुरुआती जानकारी में घटना की वजह पारिवारिक विवाद बताई जा रही है, हालांकि इसके वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। खबर लिखे जाने तक किसी पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत नहीं दी गई थी। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group