सहारनपुर। साइबर ठगों ने ऑनलाइन कमाई और मेंबरशिप का लालच देकर एक व्यक्ति को लाखों रुपये की चपत लगा दी। टेलीग्राम पर आई कॉल के बाद शुरू हुआ यह सिलसिला छह दिन तक चलता रहा। इस दौरान पीड़ित के दो बैंक खातों से 10 बार में कुल 29 लाख 96 हजार 194 रुपये दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दिए गए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।पीड़ित बलदेव त्यागी सहारनपुर के सदर बाजार थाना क्षेत्र की ब्रह्मपुरी कॉलोनी में रहते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 28 सितंबर 2026 को उनके टेलीग्राम पर एक कॉल आई थी। कॉल करने वाले की पहचान विजय सक्सेना के नाम से दिखाई दे रही थी, जबकि फोन नंबर छिपा हुआ था। आरोप है कि कॉल करने वाले ने इंटरनेशनल मैच ग्रुप की मेंबरशिप दिलाने का झांसा देकर उन्हें अपने विश्वास में ले लिया।इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग तारीखों में पीड़ित के बैंक खातों से रकम निकालनी शुरू कर दी। शिकायत के मुताबिक, दो से सात अक्टूबर के बीच आईडीएफसी और डीसीबी बैंक खातों से लगातार कई ऑनलाइन लेनदेन किए गए। छह दिनों में कुल 10 ट्रांजेक्शन के जरिए 29.96 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए गए।पीड़ित को जब अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला तो उन्होंने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद साइबर क्राइम थाना पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस अब उन बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है, जिनमें ठगी की रकम भेजी गई। साथ ही टेलीग्राम कॉल से जुड़े तथ्यों और संदिग्ध लेनदेन की भी जांच की जा रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।