मुजफ्फरनगर। खतौली क्षेत्र में सोमवार शाम एक युवक पर हुए हमले ने उसकी जान ले ली। घटना में उसका दोस्त भी घायल हो गया। युवक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।जानकारी के अनुसार, अक्षय पुत्र दिलीप अपने दोस्त आकाश पुत्र गोविंद के साथ खतौली में चूड़ा भट्ठी के पास खड़ा होकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने दोनों पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने डंडों और चाकू से वार किए। हमले में अक्षय गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आकाश को भी चोटें आईं।घटना के बाद अक्षय को खतौली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे पल्हैड़ा स्थित एसडीएस ग्लोबल अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।परिजनों ने आरोप लगाया कि हमले में ससुराल पक्ष के कुछ लोग शामिल थे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, हमले की वजह और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।घटना की जानकारी मिलने पर एसपी सिटी अमित जैन खतौली थाने पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।