बिजनौर। किरतपुर थाना क्षेत्र में छह साल के बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। बुधवार को अबुजर का शव गांव के तालाब में मिला। बच्चे की मां शगुफ्ता ने गांव के कुछ लोगों पर पुरानी रंजिश के चलते बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।परिजनों के अनुसार, 28 अक्टूबर को दोपहर करीब एक बजे दो बच्चे अबुजर को घर से बुलाकर ले गए थे। कुछ समय बाद उसके तालाब में डूबने की जानकारी मिली। दोपहर करीब ढाई बजे घटना का पता चलने पर परिवार के लोग तालाब पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से बच्चे को बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।अबुजर की मां शगुफ्ता पत्नी नासिर का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों से उनका पुराना विवाद चल रहा है। उन्होंने दावा किया कि चार-पांच दिन पहले आरोपितों ने उनके बेटे को जान से मारने की धमकी भी दी थी। परिवार ने इसी रंजिश को बच्चे की मौत की वजह बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।किरतपुर थाना प्रभारी अमर सिंह राठौड़ के अनुसार, बच्चे की तालाब में डूबने से मौत की सूचना मिली थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।