मुजफ्फरनगर। शहर की सड़कों पर बढ़ते वाहनों के दबाव के बीच यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए दो महत्वपूर्ण योजनाओं पर काम शुरू हो गया है। रामपुर तिराहा स्थित पुल के चौड़ीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग ने 93 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार कर शासन को भेज दी है। वहीं, जानसठ चौक से महावीर चौक की ओर जाने वाले रेलवे पुल को भी विस्तार देने की तैयारी है।रामपुर तिराहा शहर का प्रमुख प्रवेश मार्ग होने के कारण यहां दिनभर वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। दिल्ली-देहरादून मार्ग से जुड़ाव के चलते इस रास्ते पर यातायात का दबाव भी अधिक रहता है। पुल के चौड़ीकरण से वाहनों के आवागमन को सुगम बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस परियोजना के प्रस्ताव पर मौखिक सहमति दी थी। इसके बाद पीडब्ल्यूडी ने विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी है।परियोजना को जल्द मंजूरी दिलाने के लिए राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव अजय चौहान से बातचीत की। उन्होंने डीपीआर पर शीघ्र निर्णय लेने और आगे की प्रक्रिया पूरी करने को कहा।उधर, शहर के जानसठ चौक से महावीर चौक की ओर जाने वाले रेलवे पुल की क्षमता बढ़ाने की योजना भी बनाई जा रही है। इसके तहत पुल की अतिरिक्त लेन को चौड़ा करने के साथ दोनों तरफ लंबाई बढ़ाने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। मंत्री ने जिलाधिकारी और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर तकनीकी पहलुओं की जांच करने तथा प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं।मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कराया जा रहा है। दोनों पुलों से संबंधित योजनाएं आगे बढ़ने पर शहरवासियों और बाहर से आने वाले यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।रामपुर तिराहा पुल की डीपीआर शासन में पहुंचने के बाद अब उसकी स्वीकृति का इंतजार है। इसके बाद निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।