मुजफ्फरनगर। खतौली क्षेत्र के गांव सठेड़ी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चाचा की डांट और पिटाई से नाराज 16 वर्षीय किशोर पर अपने ही 10 साल के चचेरे भाई की हत्या करने का आरोप है। बच्चे का शव ईंख के खेत में मिलने से गांव में हड़कंप मच गया।जानकारी के अनुसार, जमशेद हरियाणा के पंचकूला में रहकर फर्नीचर बनाने का काम करते हैं। उनका भतीजा भी उनके पास काम सीख रहा था। करीब 15 दिन पहले किशोर पर एक दुकान से सामान चोरी करने का आरोप लगा था। इस पर चाचा ने दुकानदार को सामान के पैसे दिए और भतीजे को डांटने के साथ उसकी पिटाई भी की थी। इसके बाद उसे गांव भेज दिया गया।बताया गया कि किशोर इस बात से नाराज था। आरोप है कि 28 अक्टूबर को उसने अपने 10 वर्षीय चचेरे भाई अमन को बहाने से गांव के जंगल में बुलाया। वहां उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को ईंख के खेत में छिपा दिया।जब अमन घर नहीं लौटा तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजने के बाद भी उसका पता नहीं चला तो पिता ने रतनपुरी थाने में शिकायत की। पुलिस ने जांच शुरू की और पूछताछ के दौरान 16 वर्षीय किशोर पर शक हुआ।पूछताछ में किशोर ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने ईंख के खेत से अमन का शव बरामद किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। नाबालिग आरोपी के खिलाफ किशोर न्याय कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group