मुजफ्फरनगर। खतौली क्षेत्र के गांव रायपुर नंगली में शनिवार को एक दर्दनाक घटना से परिवार में कोहराम मच गया। प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाले कक्षा चार के 10 वर्षीय छात्र की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। स्कूल में खेलते समय बच्चा अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे बचाने के लिए शिक्षक और परिजन अस्पताल लेकर दौड़े, लेकिन उसे नहीं बचाया जा सका।मृतक की पहचान निहाल पुत्र प्रमोद के रूप में हुई है। वह रोजाना की तरह शनिवार सुबह भी स्कूल पहुंचा था। बताया गया कि स्कूल परिसर में सहपाठियों के साथ खेलते समय अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह जमीन पर गिर पड़ा। यह देखकर स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षकों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी और बच्चे को उपचार के लिए ले जाया गया।पहले उसे खतौली के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन उसे बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।सूचना पर पुलिस भी मेडिकल कॉलेज पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। परिजनों ने कार्रवाई से इन्कार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव उन्हें सौंप दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group