मुजफ्फरनगर। खेती को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और किसानों को नए कृषि संसाधनों से परिचित कराने के लिए मुजफ्फरनगर में तीन दिवसीय राष्ट्रीय कृषि प्रगति एक्सपो एवं किसान संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। एक से तीन नवंबर तक जानसठ रोड स्थित द्वारका सिटी के निकट कृषि फार्म में होने वाले इस आयोजन में देशभर की 200 से अधिक कंपनियां अपनी तकनीक और उत्पादों का प्रदर्शन करेंगी।आयोजन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में किसानों के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजकों के अनुसार, प्रतिदिन पांच से दस हजार किसानों और अन्य आगंतुकों के आने का लक्ष्य रखा गया है। प्रदर्शनी में आधुनिक कृषि यंत्रों, उन्नत बीज, खाद, कीटनाशक, सिंचाई उपकरण और सौर ऊर्जा से संचालित कृषि संसाधनों की जानकारी मिलेगी।एक्सपो में खेती के साथ पशुपालन, डेयरी, जैविक कृषि, प्राकृतिक खेती, हाइड्रोपोनिक्स और खाद्य प्रसंस्करण जैसे विषय भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। किसान यहां नई तकनीकों को करीब से समझ सकेंगे और कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर सकेंगे।तीन दिवसीय आयोजन के दौरान किसान संगोष्ठियों में मिट्टी की गुणवत्ता, फसल संरक्षण, पानी का बेहतर इस्तेमाल, डिजिटल खेती और कृषि उत्पादों के विपणन जैसे विषयों पर विशेषज्ञ जानकारी देंगे। इसका उद्देश्य किसानों को कम लागत में बेहतर उत्पादन और खेती से जुड़े नए व्यवसायों के अवसरों से परिचित कराना है।कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान सहित कई जनप्रतिनिधियों और किसान नेताओं को आमंत्रित किया गया है। किसान संगठनों के प्रतिनिधियों और कृषि विशेषज्ञों की मौजूदगी से आयोजन में कृषि से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group