मुजफ्फरनगर। आगामी जनगणना-2027 को व्यवस्थित और त्रुटिरहित ढंग से पूरा कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करने के साथ डिजिटल माध्यम से आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी सिलसिले में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित जिला पंचायत सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी चार्ज अधिकारियों और मास्टर ट्रेनर्स ने प्रतिभाग किया। बैठक में 26 से 28 अक्टूबर तक आयोजित प्रशिक्षण के प्रथम चरण की समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न कराने पर संबंधित अधिकारियों और मास्टर ट्रेनर्स की सराहना करते हुए सभी को बधाई दी।उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के अगले सत्र 4 से 6 नवंबर और 12 से 14 नवंबर तक आयोजित किए जाएंगे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रत्येक प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी जाए, ताकि फील्ड में काम करते समय किसी तरह की परेशानी न आए।इस बार जनगणना की प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से पूरी की जाएगी। इसके लिए प्रगणकों को जनगणना मोबाइल ऐप के संचालन, ऑफलाइन डेटा दर्ज करने और इंटरनेट उपलब्ध होने पर आंकड़ों को सिंक करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि इन सभी तकनीकी प्रक्रियाओं का लाइव डेमो भी कराया जाए।मुख्य मास्टर ट्रेनर विक्रांत तालियान, गौरव शर्मा, जितेंद्र सिंह और रविकांत को अपनी-अपनी तहसीलों एवं स्थानीय निकायों में प्रशिक्षण की निगरानी करने तथा कर्मचारियों की तकनीकी समस्याओं का मौके पर समाधान कराने की जिम्मेदारी दी गई।गंभीर सिंह ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। इसकी सफलता के लिए प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशिक्षण और जनगणना कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group