मुजफ्फरनगर। बीमा कंपनी से 16 लाख रुपये लेने के लालच में अपनी ही स्कॉर्पियो चोरी कराने का मामला सामने आया है। जानसठ पुलिस ने जांच के बाद इस साजिश का पर्दाफाश करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि पूरी योजना बनाने वाला व्यक्ति चोरी की शिकायत करने वाले युवक का पिता ही निकला। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से स्कॉर्पियो और वारदात में इस्तेमाल चोरी की ऑल्टो कार बरामद की है।पुलिस के अनुसार, मेरठ के दौराला क्षेत्र के गांव मवी मीरा निवासी मोहम्मद शाहबाज सलमानी ने 26 अक्टूबर को जानसठ थाने में अपनी स्कॉर्पियो-एन कार चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि जानसठ के भलेड़ी गेट के पास से उसकी गाड़ी गायब हो गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को चोरी की घटना पर संदेह हुआ। छानबीन में पता चला कि स्कॉर्पियो चोरी कराने की योजना शाहबाज के पिता अफजाल ने अपने दो साथियों अहसान और मेहताब के साथ मिलकर बनाई थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपितों का इरादा गाड़ी चोरी दिखाकर बीमा कंपनी से करीब 16 लाख रुपये का क्लेम लेने का था। इसके साथ ही गाड़ी को दूसरे व्यक्ति को बेचने की भी योजना बनाई गई थी।आरोपितों ने स्कॉर्पियो की पहचान छिपाने के लिए उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगा दी थी। वारदात में जिस ऑल्टो कार का इस्तेमाल किया गया, वह भी दिल्ली से चोरी की गई थी। उस पर भी फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी।जानसठ पुलिस ने चार नवंबर को सलारपुर जटवाड़ा नहर पटरी के पास से अफजाल, अहसान और मेहताब को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी की स्कॉर्पियो और ऑल्टो कार बरामद की गई। पुलिस ने आरोपितों के पास से एक तमंचा और कारतूस भी बरामद किया है।पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपित अफजाल के खिलाफ मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और गौतमबुद्धनगर में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। अहसान के खिलाफ भी जानसठ थाने में आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।एसएसपी सूरज कुमार राय के निर्देशन में जानसठ पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने मामले में धोखाधड़ी और फर्जी नंबर प्लेट के इस्तेमाल समेत अन्य धाराएं बढ़ाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group