बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर बुधवार सुबह तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला। सीएनजी पंप के पास सड़क किनारे बने खोखे से सामान खरीद रहे लोगों को कार ने टक्कर मार दी। हादसे में एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक युवक को मामूली चोट आई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 11 बजे कुछ लोग सीएनजी पंप पर अपनी गाड़ी में गैस भरवा रहे थे। इसी दौरान उनके परिजन पंप के कोने पर बने खोखे से सामान खरीदने लगे। तभी बागपत की ओर से तेज गति से आ रही कार ने वहां खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।दुर्घटना में साबुद्दीन (65) पुत्र मजीद, अनीश (45) पुत्र इंतजार अली, शबाना (40) पत्नी अनीश और इमरान (30) पुत्र इरफान गंभीर रूप से घायल हो गए। साबुद्दीन, अनीश और शबाना गांव निवाड़ा के रहने वाले हैं, जबकि इमरान शामली जिले के कैराना का निवासी है। वहीं सलमान (22) पुत्र अनीश को हल्की चोट आई।हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल बागपत पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल चार लोगों की हालत देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। सलमान का भी उपचार किया गया।घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाई। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।