मेरठ। शहर के व्यस्त सराफा बाजार में शुक्रवार को दो युवकों ने कारीगरों को झांसे में लेकर करीब पांच लाख रुपये कीमत का सोना उड़ा लिया। वारदात के बाद बाजार के व्यापारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में तीन टीमें लगाई हैं।जानकारी के अनुसार, कोलकाता निवासी रूपम पुन और शेख बाबुल इस्लाम एक दुकान से करीब 32 ग्राम कच्चा सोना लेकर निकले थे। इसी दौरान रास्ते में दो युवक उनसे मिले और बातचीत में उलझा लिया। आरोप है कि दोनों युवक कुछ दूरी पर उनका बैग लेकर फरार हो गए। बैग में करीब पांच लाख रुपये कीमत का सोना रखा था।घटना की सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। संयोग से उस समय एडीजी भानु भास्कर और डीआईजी कलानिधि नैथानी भी क्षेत्र में पैदल गश्त कर रहे थे। व्यापारियों ने अधिकारियों को घटना की जानकारी देते हुए सीसीटीवी फुटेज दिखाई। फुटेज में दो संदिग्ध युवक कारीगरों से बातचीत करते नजर आ रहे हैं।पुलिस बाजार और आसपास के रास्तों पर लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। करीब 700 मीटर के दायरे में लगे कैमरों की जांच कर आरोपियों के आने-जाने का रास्ता पता लगाया जा रहा है। मामले के पर्दाफाश के लिए तीन पुलिस टीमों को लगाया गया है।उधर, त्योहारों के बीच सराफा बाजार में हुई इस वारदात से व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है। व्यापारियों ने बाजार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं से कारोबारियों में असुरक्षा का माहौल बन रहा है।