गाजियाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी में धनतेरस की रात हुए तेज धमाके से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। धमाका इतना जोरदार था कि चौकी के कमरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए और दीवार में दरार आ गई। घटना में वहां से गुजर रहा एक 20 वर्षीय फूड डिलीवरी कर्मचारी भी घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।घटना शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच की बताई जा रही है। धमाके की आवाज आसपास के इलाके में दूर तक सुनाई दी। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ते ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।मामले ने उस समय गंभीर मोड़ ले लिया, जब सोशल मीडिया पर ‘तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान’ नाम से एक पोस्ट और वीडियो सामने आया। इसमें कथित संगठन ने धमाके की जिम्मेदारी लेने का दावा किया। वीडियो में नकाब पहने एक व्यक्ति पुलिस को निशाना बनाने की बात कहता दिखाई दिया। हालांकि, इस दावे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच एजेंसियां पोस्ट की सत्यता और इसके पीछे सक्रिय लोगों का पता लगाने में जुटी हैं।पुलिस चौकी के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। शुरुआती जांच में एसी यूनिट में खराबी समेत अन्य संभावित कारणों पर विचार किया गया है। आसपास के लोगों ने चौकी में जब्त पटाखों से धमाका होने की आशंका जताई थी, लेकिन पुलिस ने इस संभावना को लेकर कोई पुष्टि नहीं की है।डीसीपी ट्रांस हिंडन ऋजुल कुमार के अनुसार, धमाके की सूचना मिलने के बाद सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में विस्फोटक सामग्री के स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं। फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही धमाके की असली वजह सामने आ सकेगी। घायल युवक की हालत स्थिर बताई गई है।उधर, लोनी से भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दीपावली के अवसर पर अशांति फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से बिना डर के त्योहार मनाने की अपील की।फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती धमाके की असली वजह और सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी लेने वाले दावे की सच्चाई का पता लगाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group