शामली। दीपावली पर घर आने और पिता को थार गाड़ी देने का वादा करने वाले सेना के जवान योगेंद्र राणा (30) की करंट लगने से मौत हो गई। बेटे की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस घर में त्योहार की खुशियां मनाने की तैयारी थी, वहां अब मातम पसरा है।शामली के कैड़ी गांव निवासी योगेंद्र राणा भारतीय सेना की आर्मी मेडिकल कोर में लखनऊ में तैनात थे। गुरुवार सुबह करीब चार बजे परिवार को उनकी मौत की सूचना मिली। शनिवार सुबह करीब 11 बजे उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा तो अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों और आसपास के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।मां विमलेश ने बताया कि घटना से एक रात पहले ही बेटे से वीडियो कॉल पर बात हुई थी। योगेंद्र हंसते हुए बातचीत कर रहे थे और चने खा रहे थे। मां को क्या पता था कि बेटे से यह उनकी आखिरी बातचीत साबित होगी।पिता अजय कुमार खेती करते हैं। उन्होंने बताया कि बेटे ने तीन दिन बाद घर आने की बात कही थी। दीपावली पर पिता को थार गाड़ी देने का वादा भी किया था। इतना ही नहीं, वह पिता की हार्ट सर्जरी कराने की तैयारी में भी जुटा था। पिता का कहना है कि बेटे के साथ परिवार के कई सपने भी अधूरे रह गए।योगेंद्र वर्ष 2019 में सेना में भर्ती हुए थे। वर्ष 2020 में उनकी शादी शिखा से हुई थी। उनके चार साल की बेटी और दो साल का बेटा है। जवान की मौत से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सामने अब बच्चों के भविष्य और परवरिश की चिंता भी खड़ी हो गई है।जवान का पार्थिव शरीर गांव पहुंचने पर थानाभवन विधायक अशरफ अली सहित बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। सभी ने शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। पूरे गांव में शोक का माहौल है।