मुजफ्फरनगर। मोरना कस्बे में एक चिकित्सक पर उपचार के बहाने नाबालिग बालिका के साथ अश्लील हरकत करने का गंभीर आरोप लगा है। बालिका ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी तो परिवार में आक्रोश फैल गया। परिजन और स्थानीय लोग चिकित्सक के क्लीनिक पर पहुंचे, लेकिन इससे पहले ही आरोपी क्लीनिक बंद कर वहां से फरार हो गया।बताया गया कि भोपा थाना क्षेत्र के मोरना की रहने वाली नाबालिग की तबीयत खराब थी। वह दवा लेने के लिए स्थानीय चिकित्सक के पास पहुंची थी। आरोप है कि जांच के दौरान चिकित्सक ने उसके साथ गलत हरकत की। बालिका ने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती बताई, जिसके बाद परिजन शिकायत लेकर चिकित्सक के क्लीनिक पर पहुंचे।घटना से नाराज परिजनों और लोगों ने क्लीनिक पर हंगामा किया। आरोपी चिकित्सक रिफाकत ककराला गांव का निवासी बताया गया है। परिजनों ने भोपा थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।नाबालिग से जुड़े इस गंभीर मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।