बागपत। बड़ौत तहसील में तैनात तहसीलदार के तबादले की मांग को लेकर लेखपालों ने जिला मुख्यालय पर मोर्चा खोल दिया है। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के नेतृत्व में गुरुवार को लेखपालों ने कलेक्ट्रेट परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। लेखपालों का कहना है कि जब तक तहसीलदार का दूसरी तहसील में तबादला नहीं किया जाता, तब तक वे काम पर नहीं लौटेंगे।संघ के जिलाध्यक्ष मोहित तोमर ने तहसीलदार पर लेखपालों के साथ अभद्र व्यवहार करने और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने के आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि तहसीलदार फोन और व्हाट्सएप ऑडियो कॉल के दौरान भी अपमानजनक भाषा का प्रयोग करते हैं। लेखपालों ने इसे उत्पीड़न का मामला बताते हुए अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की है।लेखपालों का कहना है कि वे 28 अक्टूबर तक बड़ौत तहसील में धरना दे चुके हैं, लेकिन उनकी मांग पर कोई समाधान नहीं निकला। इसके बाद 12 नवंबर को सुबह 11 बजे से कलेक्ट्रेट में आंदोलन शुरू किया गया। धरने के दौरान लेखपालों ने तहसीलदार के खिलाफ नारेबाजी कर अपना विरोध जताया।संघ ने चेतावनी दी है कि यदि दो से तीन दिन के भीतर उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो पूरे मंडल में कार्य बहिष्कार किया जाएगा। लेखपालों ने साफ कहा कि वे किसी दबाव में आंदोलन समाप्त नहीं करेंगे। वहीं, तहसीलदार श्वेताभ सिंह पहले इन आरोपों को निराधार बता चुके हैं। अब सभी की नजर प्रशासन के अगले कदम पर टिकी है।