मुजफ्फरनगर। जनगणना 2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को तहसील सदर के प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के तीसरे बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ। 14 नवंबर तक चलने वाले इस प्रशिक्षण में कर्मचारियों को जनगणना से जुड़ी जिम्मेदारियों और कार्यप्रणाली की जानकारी दी जा रही है।प्रशिक्षण कार्यक्रम का जायजा लेने के लिए अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व तथा जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह प्रशिक्षण केंद्र पहुंचे। उन्होंने अलग-अलग पालियों में चल रहे प्रशिक्षण सत्रों का निरीक्षण किया और कर्मचारियों से बातचीत कर प्रशिक्षण की स्थिति जानी।उन्होंने कहा कि जनगणना का काम पूरी सावधानी और जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए। मकानों और परिवारों से संबंधित जानकारी जुटाते समय किसी तरह की गलती न हो। साथ ही आंकड़ों की गोपनीयता बनाए रखना भी जरूरी है। उन्होंने मास्टर ट्रेनर्स को निर्देश दिए कि कर्मचारियों को तकनीकी जानकारियां आसान भाषा में समझाएं और उनकी शंकाओं का मौके पर समाधान करें।एडीएम ने प्रशिक्षण स्थल पर पेयजल, जलपान और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था दुरुस्त रखने को भी कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों को बेहतर प्रशिक्षण मिलने से जनगणना का काम मैदानी स्तर पर सुचारु रूप से पूरा कराया जा सकेगा।जनगणना कर्मचारियों के प्रशिक्षण के लिए तीन बैच निर्धारित किए गए हैं। पहले बैच का प्रशिक्षण 26 से 28 अक्टूबर और दूसरे बैच का प्रशिक्षण 4 से 6 नवंबर तक आयोजित हुआ। तीसरे बैच का प्रशिक्षण 12 से 14 नवंबर तक चलेगा। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स और प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे।