मुजफ्फरनगर। जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने घर से निकले युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव शामली रोड स्थित राणा चौक के पास मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने इसे सड़क हादसा मानने पर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका जताई है। पुलिस से मामले की गहराई से जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।मृतक अश्वनी के छोटे भाई विशाल के मुताबिक, जन्मदिन के मौके पर दोपहर करीब डेढ़ बजे उसके भाई के पास कुछ परिचित युवकों का फोन आया था। उन्होंने उसे पार्टी के लिए बुलाया। इसके बाद अश्वनी घर से चला गया। शाम करीब छह बजे उसकी पत्नी से फोन पर आखिरी बार बातचीत हुई थी। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और परिवार का संपर्क टूट गया।इसी बीच शाम करीब साढ़े सात बजे उसकी पत्नी के मोबाइल पर पुलिसकर्मी का फोन आया। उन्होंने अश्वनी के साथ हादसा होने की जानकारी दी और बताया कि उसका मोबाइल पुलिस के पास है। परिजन जानकारी लेने पहुंचे तो उन्हें शामली बाईपास के राणा चौक के पास शव मिलने की बात बताई गई।परिजनों के मुताबिक, घटनास्थल पर अश्वनी की बाइक का कोई पता नहीं चला। इस बात ने परिवार की चिंता बढ़ा दी। छोटे भाई विशाल ने पार्टी में बुलाने वाले कुछ युवकों से भी संपर्क किया, लेकिन उनका कहना है कि युवकों ने अश्वनी के उनके साथ होने से इनकार कर दिया। परिवार ने मोबाइल फोन में मौजूद वीडियो कॉल और तस्वीरों की भी जांच कराने की मांग की है।अश्वनी की मौत के बाद मां और भाई का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर घटना की वास्तविक वजह सामने लाने की मांग की है। सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा के अनुसार, खालापार क्षेत्र में हाईवे किनारे युवक का शव मिला था। परिजनों की शिकायत और हत्या की आशंका को ध्यान में रखते हुए पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group