मुजफ्फरनगर। बच्चों को उनके अधिकारों की जानकारी देने और उन्हें शोषण से बचाने के लिए शाहपुर क्षेत्र के जनता इंटर कॉलेज हरसोली में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। संविधान संवाद एवं सुरक्षित बचपन अभियान के तहत हुए शिविर में छात्र-छात्राओं को पॉक्सो अधिनियम और बाल अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डॉ. सत्येंद्र कुमार चौधरी ने विद्यार्थियों को संविधान की प्रस्तावना, उसके निर्माण और नागरिकों को मिले मौलिक अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने अधिकारों के साथ मौलिक कर्तव्यों का पालन करने की भी सीख दी। डॉ. चौधरी ने कहा कि बाल विवाह, बाल श्रम, बाल भिक्षावृत्ति, महिला उत्पीड़न, दहेज और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों को रोकने के लिए जागरूकता जरूरी है।शिविर में विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी परेशानी या आपात स्थिति में सहायता लेने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन उपलब्ध हैं। महिला सहायता के लिए 1090, पुलिस के लिए 112, बच्चों की मदद के लिए 1098, साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 और निःशुल्क कानूनी सहायता के लिए 15100 नंबर की जानकारी दी गई।कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि पंजाब नेशनल बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक ने छात्राओं को बैंक की विभिन्न योजनाओं से अवगत कराया। जनपद नोडल अधिकारी संविधान संवाद डॉ. रणवीर सिंह ने अतिथियों को अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यालय में भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का आग्रह किया।इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, थाना शाहपुर की मिशन शक्ति प्रभारी तथा वॉलंटियर धनीराम और गौरव मलिक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group