मुजफ्फरनगर। जनगणना-2027 को लेकर जिले में स्वगणना अभियान शुरू हो गया है। मंगलवार को जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह समेत जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से अपने परिवार का विवरण दर्ज कराकर अभियान में भागीदारी की। अधिकारियों ने लोगों से भी स्वगणना की सुविधा अपनाने की अपील की।जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार और नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज की। इसके अलावा अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व तथा जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह और अपर जिलाधिकारी प्रशासन देश दीपक सिंह ने भी स्वगणना कर अपनी सहभागिता निभाई। भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी ने अपने आवास पर ही ऑनलाइन विवरण दर्ज किया।जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश के लिए महत्वपूर्ण कार्य है। इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। स्वगणना के माध्यम से लोग अपने परिवार का विवरण स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। इससे जनगणना की प्रक्रिया में सहयोग मिलेगा। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे इस सुविधा का लाभ उठाकर अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।उन्होंने बताया कि स्वगणना अभियान 16 नवंबर से शुरू होकर 30 नवंबर तक चलेगा। इस अवधि में नागरिक निर्धारित मानकों के अनुसार अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। जिलाधिकारी ने इसे सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group