बिजनौर। शहर के रोडवेज बस स्टैंड के नजदीक सोमवार रात एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सड़क किनारे शव पड़ा देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मृतक की पहचान काजीपाड़ा निवासी महताब पुत्र इकरामुद्दीन के रूप में हुई है।बताया गया कि महताब का पिछले कई दिनों से पत्नी बीना के साथ विवाद चल रहा था। करीब तीन दिन पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद बीना गुदड़ कॉलोनी स्थित अपनी बहन के घर चली गई थी। वह तभी से वहीं रह रही थी। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि पत्नी के घर छोड़ने के बाद से महताब परेशान था। कुछ लोगों ने उसके नशा करने की बात भी कही है।सोमवार रात करीब नौ बजे महताब का शव रोडवेज बस स्टैंड के पास सड़क किनारे मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। युवक के शरीर पर बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। ऐसे में उसकी मौत को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।सीओ सिटी अभय कुमार पांडे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group