सहारनपुर। गागलहेड़ी क्षेत्र के दिनारपुर गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से परिवार में कोहराम मच गया। महिला का शव घर के कमरे में बेड पर मिला। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज की मांग को लेकर परेशान करने और संतान नहीं होने पर ताने देकर मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जमालपुर बेरी गांव निवासी रामकुमार की बहन मीनू की शादी वर्ष 2016 में दिनारपुर निवासी विकास कुमार के साथ हुई थी। रामकुमार का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग मीनू को परेशान करने लगे थे। संतान नहीं होने पर उसे लगातार ताने दिए जाते थे। इसके अलावा अतिरिक्त दहेज की मांग कर उसके साथ मारपीट भी की जाती थी।परिजनों के मुताबिक, मीनू फोन पर मायके वालों को अपनी परेशानी बताती रहती थी। 11 नवंबर 2026 की शाम करीब सात बजे उसकी गोद ली हुई बेटी परी ने फोन कर मीनू की मौत की सूचना दी। बताया गया कि उसने फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग दिनारपुर पहुंचे। घर पहुंचने पर मीनू का शव बेड पर पड़ा मिला।रामकुमार ने ससुराल पक्ष पर घटना की जानकारी समय से नहीं देने और उनकी बहन को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। उन्होंने पति विकास कुमार के अलावा पुरण सिंह, जितेंद्र, सुधा, पूनम और इंद्र सिंह को भी शिकायत में नामजद किया है।पुलिस ने शिकायत के आधार पर सभी छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। विवाहिता की मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर चलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group