मुजफ्फरनगर। तीर्थनगरी शुकतीर्थ में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लगने वाले गंगा स्नान मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार मेले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत का आगमन भी खास रहेगा। वह 22 नवंबर को शुकतीर्थ पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर धार्मिक और प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, मोहन भागवत शुकदेव आश्रम में संतों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वह प्राचीन अक्षय वटवृक्ष की परिक्रमा कर नमन करेंगे। इसके अलावा शिक्षा ऋषि स्वामी कल्याण देव महाराज के समाधि स्थल पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद महाराज से भी उनकी मुलाकात होगी।शुकतीर्थ में 21 से 25 नवंबर तक कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर मुख्य स्नान होगा। संघ प्रमुख के आगमन और मेले में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं।