मुजफ्फरनगर। ऐतिहासिक शुकतीर्थ (शुक्रताल) में आयोजित होने वाले कार्तिक गंगा स्नान मेले की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। बुधवार को जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसके बाद उन्होंने मेला स्थल और गंगा घाट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को मेले से पहले अपनी जिम्मेदारियां पूरी करने के निर्देश दिए।शुकतीर्थ में कार्तिक गंगा स्नान मेला 21 से 25 नवंबर तक आयोजित होगा। मुख्य स्नान पर्व 24 नवंबर को है। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता देने को कहा। पुलिस को संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त बल तैनात करने, बाजार में भारी वाहनों का प्रवेश रोकने और गहरे पानी में श्रद्धालुओं को स्नान करने से रोकने के निर्देश दिए गए। बांध मार्ग पर सरकारी वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। तहबाजारी वसूली पर भी निगरानी रखने को कहा गया है।मेले के दौरान मेला क्षेत्र में शराब और अन्य मादक पदार्थों की बिक्री व सेवन पर पूरी तरह रोक रहेगी। आबकारी विभाग को नियमित निरीक्षण और छापेमारी करने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रास्तों पर पानी के टैंकरों से छिड़काव, पेड़ों की बाधक टहनियों की छंटाई और मार्गों की मरम्मत कराने को कहा गया। घाटों पर चल रहे निर्माण कार्य मेले की अवधि में बंद रखने के निर्देश भी दिए गए।स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मेला क्षेत्र में डिस्पेंसरी, एंबुलेंस, दवाइयों और चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। सफाई व्यवस्था बेहतर रखने के साथ डीडीटी और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने के निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग को मोरना-शुकतीर्थ मार्ग की पटरियों की सफाई, गड्ढों की मरम्मत और पुल की क्षतिग्रस्त रेलिंग ठीक कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई।जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को पूरे मेला क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति और लटकते तारों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। पशु चिकित्सा विभाग को भैंसा-बुग्गी सहित मेले में आने वाले पशुओं की देखभाल के लिए विशेष इंतजाम करने को कहा गया। मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण को घाटों और प्रमुख स्थानों पर लगी हाईमास्ट लाइटें चालू कराने के निर्देश दिए गए। ग्राम पंचायतों और स्थानीय निकायों को सफाई कर्मचारियों, पानी के टैंकरों और अन्य जरूरी संसाधनों की व्यवस्था करने को कहा गया। किसानों के मार्गदर्शन के लिए कृषि प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।मेले की संपूर्ण व्यवस्था जिला पंचायत की ओर से की जाएगी। निरीक्षण और बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह, उपजिलाधिकारी जानसठ रश्मि लावा, अपर मुख्य अधिकारी योगेश कुमार, तहसीलदार जानसठ, स्टेनो अक्षय शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।