मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के समर गार्डन में शादी के दो दिन बाद आयोजित वलीमे की खुशियां उस समय विवाद में बदल गईं, जब हापुड़ से पहुंचे एक युवक ने दुल्हन को अपनी पत्नी बताकर हंगामा शुरू कर दिया। युवक ने दावा किया कि पांच महीने पहले उसका युवती से निकाह हो चुका है। आरोप लगाया कि युवती के परिजनों ने उसे जानकारी दिए बिना दूसरी जगह शादी कर दी। मामला बढ़ने पर पुलिस को मौके पर पहुंचकर हस्तक्षेप करना पड़ा।समर गार्डन निवासी एक युवक का निकाह 16 नवंबर को हापुड़ की युवती से हुआ था। मंगलवार रात घर के बाहर गली में वलीमे का आयोजन किया गया था। समारोह में रिश्तेदार और परिचित शामिल थे। इसी बीच हापुड़ निवासी एक युवक स्कूटी से वहां पहुंचा और दुल्हन के साथ पहले से निकाह होने का दावा करने लगा। उसकी बात सुनकर समारोह में मौजूद लोग हैरान रह गए। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और मौके पर भीड़ जमा हो गई।हंगामे की सूचना मिलने पर लिसाड़ी गेट पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस ने दुल्हन से भी मामले की जानकारी ली। इसके बाद विवाद सुलझाने के लिए संबंधित पक्षों के लोगों को चौकी बुलाया गया।थाना प्रभारी विशाल कुमार ने बताया कि चौकी पर काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच बातचीत और पंचायत चली। इस दौरान किसी भी पक्ष ने पुलिस कार्रवाई कराने की इच्छा नहीं जताई। आपसी सहमति के बाद मामला शांत हो गया।पंचायत समाप्त होने पर दुल्हन अपने भाई के साथ मायके लौट गई, जबकि खुद को उसका प्रेमी बताने वाले युवक को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिलने पर कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। वहीं, युवक के पहले निकाह करने के दावे की पुष्टि नहीं हो सकी।