मुजफ्फरनगर। स्क्रैप और संजय आयरन की आपूर्ति के बदले 75 लाख रुपये का भुगतान नहीं करने के आरोप में पूर्व विधायक शाहनवाज राणा और उनकी दो बेटियों के खिलाफ नई मंडी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। शिकायतकर्ता ने तीनों पर कारोबारी लेनदेन में धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार कराने और रकम मांगने पर धमकाने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।भारतीय कॉलोनी निवासी जितेंद्र चौधरी के अनुसार, सितंबर 2024 में एक विवाह समारोह के दौरान उनकी मुलाकात शाहनवाज राणा से हुई थी। आरोप है कि इसके बाद उन्हें उत्तराखंड के मंगलौर स्थित यूपी बॉन मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड की फैक्ट्री में बुलाया गया। वहां शाहनवाज राणा के साथ उनकी दोनों बेटियां भी मौजूद थीं। बातचीत के दौरान स्क्रैप और संजय आयरन की आपूर्ति का सौदा तय हुआ। शिकायतकर्ता का कहना है कि माल का भुगतान 20 दिन के भीतर करने का भरोसा दिया गया था।जितेंद्र चौधरी के मुताबिक, भरोसे के आधार पर उन्होंने सितंबर 2024 में करीब 40 लाख रुपये और नवंबर 2024 में 35 लाख रुपये का माल फैक्ट्री में भेजा। इस तरह कुल 75 लाख रुपये की आपूर्ति की गई। आरोप है कि निर्धारित समय बीतने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया। रकम मांगने पर उन्हें लगातार टालमटोल का सामना करना पड़ा।शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि बाद में उन्हें फैक्ट्री के स्वामित्व और उससे संबंधित दस्तावेजों को लेकर भी संदेह हुआ। उनका दावा है कि फैक्ट्री से जुड़े कागजात कथित रूप से कूटरचित तरीके से तैयार किए गए थे। भुगतान का दबाव बनाने पर आरोपितों की ओर से धमकियां भी दी गईं।शिकायत में 25 अगस्त 2025 की एक अन्य घटना का भी उल्लेख किया गया है। आरोप है कि उस दिन जितेंद्र चौधरी अपने बेटे के साथ आरोपितों के आवास पर पहुंचे थे, जहां उन्हें और उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी गई।पुलिस ने 18 नवंबर 2026 को शाहनवाज राणा और उनकी दोनों बेटियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक हरिओम सिंह को सौंपी गई है।नई मंडी क्षेत्राधिकारी राजू कुमार साव ने बताया कि कारोबारी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है। भुगतान नहीं करने और धमकी देने के आरोपों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group