मुजफ्फरनगर। उम्र में बड़े खिलाड़ियों के सामने नचिकेता स्कूल्स के नन्हे खिलाड़ियों ने अपने खेल से सभी का ध्यान खींचा। राखी पब्लिक स्कूल में आयोजित अंतरविद्यालयीय अंडर-17 वॉलीबॉल प्रतियोगिता में विद्यालय की अंडर-14 बालक टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सांत्वना ट्रॉफी हासिल की।प्रतियोगिता में कम आयु वर्ग के होने के बावजूद नचिकेता स्कूल्स के खिलाड़ियों ने दूसरी टीमों को कड़ी चुनौती दी। मैदान पर खिलाड़ियों के बीच बेहतरीन तालमेल, अनुशासन और खेल के प्रति उत्साह देखने को मिला। उनके प्रदर्शन के लिए टीम को सांत्वना ट्रॉफी प्रदान की गई। साथ ही सभी खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।प्रतियोगिता में विद्यालय के वेदांश चौधरी ने अपनी खेल प्रतिभा से विशेष छाप छोड़ी। उनके शानदार प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें बेस्ट सेटर अवॉर्ड दिया गया।विद्यालय की इस उपलब्धि पर प्रबंधन और शिक्षकों ने खिलाड़ियों एवं कोच की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और सामूहिक प्रयास की भावना को मजबूत करती हैं।
