सहारनपुर। शादी के कुछ महीने बाद ही गर्भवती विवाहिता को ससुराल से निकालने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि करीब पांच साल बीतने के बाद भी पति और ससुराल पक्ष ने उसे वापस नहीं बुलाया। अब उसे और उसकी बेटी को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। परेशान होकर महिला ने पुलिस अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई। शिकायत के आधार पर महिला थाना पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।गांव उनाली निवासी पूनम की शादी 22 नवंबर 2020 को हरियाणा के पानीपत निवासी विपिन कुमार के साथ हुई थी। पूनम के मुताबिक, शादी के करीब आठ महीने बाद पांच जुलाई 2021 को पति और ससुराल के अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की और घर से बाहर निकाल दिया। उस समय वह गर्भवती थी। इसके बाद से वह अपने मायके में रहने लगी। दिसंबर 2021 में उसने बेटी को जन्म दिया, लेकिन पति ने मां-बेटी को साथ रखने की पहल नहीं की।पीड़िता का कहना है कि परिवार और रिश्तेदारों ने कई बार दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। ससुराल पक्ष ने उसे और उसकी बेटी को स्वीकार करने से इनकार कर दिया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि शादी में मायके से मिले जेवर, कपड़े और अन्य सामान अभी भी ससुराल वालों के पास हैं। उसे आशंका है कि उसका सामान खुर्द-बुर्द किया जा सकता है।पूनम ने पति और उसके परिजनों पर मां-बेटी को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। उसने पुलिस से अपना स्त्रीधन वापस दिलाने और सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति विपिन कुमार, ससुर रूपचंद, सास कलावती और जेठ रवींद्र समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।