सहारनपुर। सस्ते दाम पर जमीन दिलाने का भरोसा देकर एक महिला को देहरादून बुलाने और उसके साथ गंभीर अपराध किए जाने का मामला सामने आया है। बिहारीगढ़ क्षेत्र की महिला ने तीन लोगों पर नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश करने, सामूहिक दुष्कर्म और अश्लील वीडियो बनाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने आरोपियों पर वीडियो वायरल करने तथा परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।महिला के अनुसार, बिहारीगढ़ में उसका करीब सात बिस्वा का एक पुराना प्लॉट है, जिसे वह बेचना चाहती थी। इसी सिलसिले में उसकी मुलाकात प्रॉपर्टी का काम करने वाले कुछ लोगों से हुई थी। आरोप है कि 28 अक्टूबर को सोनू नाम के व्यक्ति ने फोन कर उसे सस्ते दाम पर जमीन दिखाने के लिए देहरादून बुलाया। इसके बाद उसे आईएसबीटी से कार में बैठाकर विकासनगर ले जाया गया।पीड़िता का आरोप है कि दोपहर करीब तीन बजे आरोपी उसे एक रेस्टोरेंट में ले गए, जहां चाय पीने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई। जब उसे होश आया तो वह होटल के कमरे में थी। महिला ने आरोप लगाया कि वहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया और अश्लील वीडियो भी बनाया गया।महिला का कहना है कि घटना के बाद आरोपियों ने वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी दी। विरोध करने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की चेतावनी दी गई। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसने पहले विकासनगर कोतवाली में शिकायत की थी, लेकिन वहां उससे धोखे से समझौते के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करा लिए गए।पीड़िता एसएसपी सहारनपुर कार्यालय पहुंची और तीनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उसने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों की गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है।