बिजनौर। जिला न्यायालय परिसर में गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो महिलाएं एक युवक को लेकर आपस में भिड़ गईं। अधिवक्ताओं के चेंबर के पास शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान युवक भी महिलाओं के बीच फंस गया और उसके कपड़े फट गए।बताया गया कि दोपहर करीब एक बजे दोनों महिलाएं एक युवक के साथ न्यायालय परिसर में मौजूद थीं। दोनों को युवक की पत्नी बताया जा रहा है। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि एक महिला ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी। दूसरी महिला उसे बचाने के लिए आगे आई तो दोनों के बीच युवक को लेकर खींचतान होने लगी।हंगामा बढ़ने पर परिसर में मौजूद अधिवक्ता और वादकारी मौके पर एकत्र हो गए। स्थिति बिगड़ती देख अधिवक्ताओं ने हस्तक्षेप किया और तीनों को समझाकर अलग किया। इसके बाद मामला शांत हुआ।