मुजफ्फरनगर। शादी समारोह में परोसा गया भोजन ग्रामीणों की सेहत पर भारी पड़ गया। बुढ़ाना क्षेत्र के नगवा गांव में शादी की दावत के बाद करीब 200 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। इनमें लगभग 100 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। बीमार लोगों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया।जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब नौ बजे गांव में एक शादी समारोह आयोजित किया गया था। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार शामिल हुए थे। सभी ने समारोह में भोजन किया। बताया जा रहा है कि खाना खाने के करीब दो घंटे बाद लोगों की तबीयत खराब होने लगी। शुरुआत में कुछ लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत हुई, लेकिन धीरे-धीरे बीमार होने वालों की संख्या बढ़ती चली गई।एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजन अपने परिवार के सदस्यों को लेकर अस्पताल पहुंचे। गंभीर हालत वाले मरीजों को उपचार के लिए दूसरे अस्पतालों में भी भेजा गया। इस घटना में गांव में मौजूद एक चिकित्सक की तबीयत बिगड़ने की बात भी सामने आई है।मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम रात में ही गांव पहुंची और शादी समारोह में इस्तेमाल किए गए खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए। प्रारंभिक तौर पर हलवा खाने के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि बीमारी की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।खाद्य पदार्थों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। फिलहाल बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने से गांव में चिंता का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group