मुजफ्फरनगर। सदर तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गंभीर सिंह ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।तहसील सदर के सभागार में आयोजित समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं लेकर पहुंचे लोगों ने अपनी शिकायतें अधिकारियों के सामने रखीं। एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से जांच कर समयसीमा के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में मौके पर जांच जरूरी है, उनमें अधिकारी स्वयं स्थलीय निरीक्षण करें और निष्पक्ष रिपोर्ट प्रस्तुत करें।सरकारी पेंशन और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ न मिलने से जुड़ी शिकायतों पर भी एडीएम ने विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी आवेदक को योजना का लाभ देने में कोई बाधा है तो उसका स्पष्ट कारण बताया जाए। केवल रिपोर्ट लगाकर शिकायत का निस्तारण दिखाना उचित नहीं है। आवेदक को कार्रवाई और समस्या के समाधान की स्थिति से भी अवगत कराया जाए।समाधान दिवस में जनगणना-2027 को लेकर भी जागरूकता अभियान चलाया गया। अधिकारियों, कर्मचारियों और शिकायत लेकर पहुंचे लोगों को स्वगणना की ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। उनसे स्वयं के साथ अपने परिचितों को भी ऑनलाइन स्वगणना के लिए प्रेरित करने की अपील की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों की स्वगणना भी कराई गई।एडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनशिकायतों का निस्तारण पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए, ताकि फरियादियों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group