मुजफ्फरनगर(आकाश तायल)। भारतीय संस्कृति, परंपराओं और प्राचीन ज्ञान को नई पीढ़ी से जोड़ने की पहल के तहत शनिवार को सनातन धर्म कॉलेज में राष्ट्रीय स्तर की भारत बौद्धिक्स परीक्षा कराई गई। परीक्षा में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर एक लाख रुपये तक की पुरस्कार राशि मिलेगी।कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सुधीर कुमार पुंडीर के निर्देशन में आयोजित इस परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा से परिचित कराने के साथ उनकी समझ और प्रतिभा को परखना रहा। शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार, विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान और दिल्ली विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित परीक्षा के लिए सनातन धर्म कॉलेज को पश्चिमी उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा केंद्र बनाया गया था।परीक्षा का समन्वय जन्तु विज्ञान विभाग के डॉ. पीयूष शर्मा ने किया। कॉलेज में परीक्षा को व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया गया। इसमें शामिल विद्यार्थियों को सहभागिता प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।भारतीय ज्ञान परंपरा समिति के समन्वयक डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र ने पुरस्कारों की जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान पाने वाले विद्यार्थी को एक लाख रुपये, द्वितीय स्थान पर रहने वाले को 50 हजार रुपये और तृतीय स्थान हासिल करने वाले को 25 हजार रुपये दिए जाएंगे। राज्य स्तर पर चयनित पांच विद्यार्थियों को पांच-पांच हजार रुपये मिलेंगे। इसके अलावा कॉलेज स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले पांच विद्यार्थियों को 2500-2500 रुपये की नकद राशि प्रदान की जाएगी।आयोजन को सफल बनाने में प्रो. शुचि अग्रवाल, डॉ. अरविन पंवार, डॉ. निशा चौहान, डॉ. मुहम्मद सलीम, धीरज गिरिधर, डॉ. अनूप पटेल और डॉ. अंशुल शर्मा का सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group