मुजफ्फरनगर। कार्तिक पूर्णिमा मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने अवैध भैंसा-बुग्गी दौड़ के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। मोरना-शुक्रताल और मोरना-बिहारगढ़ मार्ग पर चल रही चेकिंग के दौरान पुलिस ने करीब दो दर्जन लोहे की नुकीली छड़ें (आर) बरामद की हैं। इसके साथ ही अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के दौरान भोपा पुलिस ने एक युवक को पिस्टल और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान सोहित पुत्र मुकेश निवासी गांव घटायन, थाना जानसठ के रूप में हुई है। उसके कब्जे से .32 बोर की एक पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।पुलिस के मुताबिक, भैंसा-बुग्गी की अवैध दौड़ रोकने के लिए दोनों मार्गों पर लगातार निगरानी की जा रही है। चालकों को दौड़ में शामिल नहीं होने की चेतावनी दी गई है। नियमों का उल्लंघन करने वालों को गिरफ्तार करने के साथ दौड़ में इस्तेमाल होने वाली भैंसा-बुग्गियों को भी जब्त किया जा रहा है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है। किसी भी तरह की अव्यवस्था या असामाजिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
