मुजफ्फरनगर। जानसठ तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों को लंबित रखने के बजाय निर्धारित समय में उनका गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के प्रति सख्ती बरतने की चेतावनी भी दी गई।तहसील सभागार में आयोजित समाधान दिवस में बिजली, राजस्व, भूमि विवाद, चकबंदी, समाज कल्याण, श्रम विभाग, नगर पंचायत, पेंशन, सड़क और पुलिस प्रशासन से जुड़ी समस्याएं सामने आईं। कुल 56 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 12 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए गए।मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि अधिकारी शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित न रखें, बल्कि स्वयं मामले की जांच कर शिकायतकर्ता को राहत दिलाएं। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं है, उनमें शिकायतकर्ता को स्थिति से अवगत कराया जाए। सभी लंबित शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाली शिकायतों को लेकर भी अधिकारियों को सतर्क किया। निर्देश दिए कि कोई भी शिकायत डिफाल्टर की श्रेणी में नहीं पहुंचनी चाहिए। संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर जांच करें, शिकायतकर्ता से उसकी संतुष्टि के संबंध में जानकारी लें और कार्रवाई के प्रमाण के तौर पर मौके की तस्वीर भी उपलब्ध कराएं।समाधान दिवस के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने जनगणना-2027 के तहत चल रही स्वगणना प्रक्रिया में भी लोगों से भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नागरिक ऑनलाइन माध्यम से अपनी स्वगणना करें और अपने परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वगणना के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए अपने स्तर से भी प्रयास करें।इस दौरान उप जिलाधिकारी जानसठ रश्मि लांबा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुनील तेवतिया, तहसीलदार मोनिका चौहान, उप निदेशक कृषि प्रमोद सिरोही, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सुनील कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुशील कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group