मुजफ्फरनगर। मतदाता सूची को दुरुस्त करने और नए मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने के लिए शनिवार को जिलेभर के मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अधिकारियों ने बूथों पर पहुंचकर व्यवस्थाएं परखीं और बीएलओ को पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुनील कुमार सिंह के निर्देश पर उप जिलाधिकारी सदर शुभम श्रीवास्तव ने अमीननगर सहित विधानसभा क्षेत्र चरथावल के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बूथों पर पहुंचकर बीएलओ की उपस्थिति और मतदाता पंजीकरण से संबंधित कार्यों की जानकारी ली। साथ ही निर्देश दिए कि निर्धारित समय तक बूथों पर मौजूद रहकर युवाओं, महिलाओं और अन्य पात्र नागरिकों के आवेदन प्राप्त किए जाएं।एसडीएम ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत 21-22 और 28-29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जा रहे हैं। इन दिनों मतदाता अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर पहुंचकर सूची में अपना और परिवार के सदस्यों का नाम जांच सकते हैं।उन्होंने कहा कि जिन युवाओं की उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी है या जो निर्धारित अर्हता तिथि पर 18 वर्ष के हो रहे हैं, वे मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फार्म-6 भर सकते हैं। वहीं मतदाता सूची में पहले से दर्ज नाम या अन्य विवरण में सुधार कराने के लिए फार्म-8 का इस्तेमाल किया जा सकता है।प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे विशेष अभियान का लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित करें। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता के रूप में पंजीकरण आवश्यक है।