मुजफ्फरनगर। आगामी जनगणना-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने लोगों को जागरूक करने की कवायद तेज कर दी है। जनगणना के प्रति नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए जनपद में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में जनगणना से जुड़े संदेशों वाला सेल्फी प्वाइंट स्थापित किया गया है, जिसके माध्यम से लोगों को इस राष्ट्रीय कार्य के महत्व से परिचित कराया जा रहा है।जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व तथा जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह ने सेल्फी प्वाइंट का निरीक्षण कर नागरिकों से जनगणना में सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आबादी की गिनती तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की भावी विकास योजनाओं की दिशा तय करने में भी इसकी अहम भूमिका होती है।उन्होंने बताया कि जनगणना से जुटाए गए आंकड़ों के आधार पर शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं की जरूरतों का आकलन किया जाता है। सही आंकड़े मिलने से सरकार को विकास कार्यों की प्राथमिकताएं निर्धारित करने में मदद मिलती है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सही जानकारी उपलब्ध करानी चाहिए।सेल्फी प्वाइंट पर ‘मेरी गणना-मेरा अधिकार-मेरा भविष्य’ और ‘गिनती से बढ़ेगा विकास’ जैसे नारों के जरिए लोगों को अभियान से जुड़ने का संदेश दिया जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि जनगणना-2027 को लेकर आमजन में जागरूकता बढ़े और अधिक से अधिक लोग इस राष्ट्रीय प्रक्रिया में सहयोग करें।