हरिद्वार में अधिकारी और चालक के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदला, माथे के पास से निकली गोली; आरोपी चालक पुलिस की गिरफ्त में
हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार में सुरक्षा एजेंसी से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी पर उनके ही सरकारी चालक ने जानलेवा हमला कर दिया। शनिवार को कार्यालय में हुई इस वारदात से पुलिस और खुफिया विभाग में अफरा-तफरी मच गई। हमले में इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के एसपी सीपी नौटियाल घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अधिकारी और उनके चालक विनोद नेगी के बीच काफी समय से किसी बात को लेकर अनबन चल रही थी। शनिवार दोपहर चालक अधिकारी के कार्यालय पहुंचा। वहां दोनों के बीच बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। इसी दौरान चालक ने कथित तौर पर सरकारी पिस्टल निकालकर अधिकारी पर गोली चला दी। गोली उनके माथे के बेहद करीब से गुजर गई। अचानक हुई फायरिंग से कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों में दहशत फैल गई।गोली चलने की आवाज सुनकर कर्मचारी अधिकारी के केबिन की ओर दौड़े। घायल अवस्था में मिले सीपी नौटियाल को पहले हरिद्वार के बंगाली अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए ऋषिकेश स्थित एम्स रेफर कर दिया। शुरुआती जानकारी में उनकी हालत स्थिर बताई गई है।वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी चालक विनोद नेगी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर ऐसी कौन सी बात थी, जिसके चलते चालक ने अपने ही अधिकारी पर गोली चला दी। विवाद की वजह, सरकारी हथियार चालक तक पहुंचने और घटना से पहले दोनों के बीच हुए घटनाक्रम की भी जांच की जा रही है।घटना के समय हरिद्वार में वीवीआईपी गतिविधियां भी चल रही थीं। ऐसे संवेदनशील माहौल में आईबी के वरिष्ठ अधिकारी पर उनके ही चालक के हमले ने सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों को भी सकते में डाल दिया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।