बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के अवंती नगर भूड़ में तीन साल की मासूम बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। घर के बाहर खेलते समय लापता हुई बच्ची का शव पड़ोस में रहने वाली महिला के कमरे में बेड के नीचे मिला। बच्ची के मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था और हाथ-पैर बंधे मिले। शरीर पर चोट के निशान होने के साथ अंगुलियां काटे जाने की बात भी सामने आई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार, सचिन की तीन वर्षीय बेटी मान्या उर्फ वानिया शनिवार सुबह घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गई। परिजनों ने आसपास के इलाके में काफी तलाश की, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। तलाश के दौरान परिवार और पुलिस का संदेह पड़ोस में किराये पर रहने वाली महिला पर गया। उसके कमरे की जांच की गई तो मासूम का शव बेड के नीचे पड़ा मिला।घटना की भयावहता सामने आने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बच्ची के परिजन बदहवास हो गए। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। बताया गया है कि महिला कुछ महीने पहले ही मकान में किराये पर रहने आई थी। परिजनों का आरोप है कि वह खाने-पीने की चीजें देने के बहाने बच्चों को अपने पास बुलाती थी। बच्ची भी इसी तरह उसके कमरे तक पहुंची थी।मासूम का शव मिलने के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने दिल्ली रोड पर जाम लगा दिया। लोगों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर एसएसपी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को कार्रवाई का भरोसा दिलाकर लोगों को शांत कराया। इसके बाद यातायात सामान्य कराया गया।मामले की जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से 11 कीलें मिलने की बात सामने आई है। बच्ची के शरीर पर मिले निशानों और घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए तंत्र-मंत्र के संभावित पहलू की भी जांच की जा रही है। एसपी सिटी अभिषेक प्रताप सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में इस दिशा में कुछ बातें सामने आई हैं, लेकिन हत्या के सभी पहलुओं की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस हिरासत में ली गई महिला से पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group