मुजफ्फरनगर। बालाजी धाम के दर्शन के लिए निकले श्रद्धालुओं को रास्ते में हादसे का सामना करना पड़ा। मीरापुर थाना क्षेत्र में सिकरेड़ा के पास पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर श्रद्धालुओं से भरी टूरिस्ट बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना में बस में सवार नौ लोग घायल हो गए। घायलों में बस चालक के अलावा दो छोटी बच्चियां भी शामिल हैं।बताया गया कि बस में करीब 20 से 25 श्रद्धालु सवार थे, जो मुजफ्फरनगर से बालाजी धाम के लिए रवाना हुए थे। सिकरेड़ा के निकट पहुंचने पर सामने से आ रहे ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अचानक हुए इस हादसे से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। बस में बैठे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकलवाया। इसके बाद सभी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में घायल यात्रियों की हालत गंभीर बताई गई है। पुलिस ने दुर्घटनास्थल पर यातायात व्यवस्था संभालते हुए क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया।प्रारंभिक जानकारी में ट्रक के रॉन्ग साइड से आने को हादसे की वजह बताया जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। हादसे के बाद श्रद्धालुओं की धार्मिक यात्रा बीच रास्ते में ही रुक गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group