सहारनपुर। बेटी के हाथ पीले करने का सपना संजोए एक पिता को शादी से पहले ही ऐसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ा कि परिवार की खुशियां परेशानी में बदल गईं। नकुड़ क्षेत्र की एक युवती ने अपने होने वाले ससुराल पक्ष पर दहेज की अतिरिक्त मांग करने और मांग पूरी नहीं होने पर शादी तोड़ने का आरोप लगाया है। युवती ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई और न्याय दिलाने की मांग की है।युवती कशिश के अनुसार, करीब छह महीने पहले उसका रिश्ता जयदीप पुत्र लटूराम के साथ तय हुआ था। 26 जून 2026 को दोनों परिवारों की मौजूदगी में सगाई की रस्म हुई थी। इस दौरान उसके परिवार ने अपनी हैसियत के अनुसार नकदी, कपड़े, जेवर और अन्य घरेलू सामान दिया था। परिवार का दावा है कि सगाई के आयोजन में करीब पांच लाख रुपये खर्च किए गए थे। इसके बाद शादी की तारीख 24 नवंबर 2026 निर्धारित की गई।आरोप है कि सगाई के बाद भी लड़के पक्ष की ओर से नई-नई मांगें रखी जाने लगीं। युवती का कहना है कि शादी से पहले बुलेट मोटरसाइकिल, 51 हजार रुपये नकद और सोने के टॉप्स की मांग की गई। परिवार ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए इतनी बड़ी मांग पूरी करने में असमर्थता जताई, लेकिन इसके बाद रिश्ते में तनाव बढ़ गया।युवती ने बताया कि उसके पिता दिव्यांग हैं और रिक्शा चलाकर परिवार का गुजारा करते हैं। उन्होंने बेटी की शादी के लिए अपनी क्षमता से बढ़कर खर्च किया और काफी तैयारियां भी कर ली थीं। इसके बावजूद अतिरिक्त मांगों के चलते परिवार को मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।कशिश का आरोप है कि उसने 15 नवंबर को महिला हेल्पलाइन 1090 और संबंधित पुलिस अधिकारियों से शिकायत की थी, लेकिन उसे अभी तक न्याय नहीं मिला। युवती ने आरोप लगाया कि शिकायत के बाद भी उसे और उसके परिवार को फोन पर धमकियां दी जा रही हैं। उसने जान से मारने और तेजाब डालने जैसी धमकियां मिलने का भी दावा किया है।युवती ने 21 नवंबर को दोबारा प्रार्थना पत्र देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। उसका कहना है कि एक तरफ परिवार ने शादी के लिए अपनी जमा-पूंजी खर्च कर दी, वहीं दूसरी तरफ अब उन्हें धमकियों और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। युवती ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई है।