मेरठ। आवास एवं विकास परिषद में भ्रष्टाचार की शिकायतों ने विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मेरठ में तैनात संपत्ति प्रबंधक सुनील कुमार शर्मा को शासन ने निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ रुपये के कथित लेनदेन से जुड़ा वीडियो और अन्य शिकायतें शासन को भेजी गई थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने कार्रवाई करते हुए जांच शुरू करा दी है।निलंबन का आदेश शनिवार को अपर आवास आयुक्त एवं सचिव आवास एवं विकास परिषद राकेश कुमार सिंह ने जारी किया। शिकायत विश्व हिंदू महासंघ भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद कुमार की ओर से की गई थी। उन्होंने संपत्ति प्रबंधक पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए शासन को वीडियो भी उपलब्ध कराए थे। वायरल वीडियो में कथित रूप से पांच हजार रुपये के लेनदेन की बातचीत सुनाई देने का दावा किया गया है। वीडियो में संबंधित व्यक्ति पांच हजार रुपये की मांग करते हुए दिखाई देने की बात कही गई है।शिकायत में केवल कथित नकदी के लेनदेन का मामला ही नहीं उठाया गया, बल्कि परिषद की भवनों से जुड़ी ऑनलाइन पंजीकरण व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए गए हैं। आरोप है कि 15 अगस्त से अक्टूबर तक संचालित योजना में कुछ लोगों और उनके परिचितों को तीन प्रतिशत आरक्षण का लाभ दिया गया। शिकायतकर्ता ने इस प्रक्रिया में संपत्ति प्रबंधक की भूमिका पर सवाल उठाते हुए अनियमितताओं की जांच कराने की मांग की है।शिकायतकर्ता ने संपत्ति प्रबंधक की तीन जनपदों में कथित संपत्तियों का मामला भी उठाया है। इसके अलावा संपत्ति विभाग के कनिष्ठ सहायक विनोद कुमार पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायत में सरकारी कर्मचारियों के रिश्तेदारों से जुड़े मामलों और कथित लेनदेन का उल्लेख करते हुए विभागीय जांच की मांग की गई है।मामले की शिकायत मुख्यमंत्री, अपर मुख्य सचिव और आवास आयुक्त तक पहुंचाई गई थी। इसके बाद शासन स्तर से निलंबन की कार्रवाई की गई। जांच के लिए लखनऊ के तीन आवास आयुक्तों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि जोनल आयुक्त आरोपपत्र दाखिल करेंगे। अब जांच में वायरल वीडियो, ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया और शिकायत में लगाए गए अन्य आरोपों की पड़ताल की जाएगी।निलंबन के बाद विभाग में इस कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है। जांच रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा कि संपत्ति प्रबंधक के खिलाफ लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और आगे किन लोगों की जिम्मेदारी तय होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group