मुजफ्फरनगर। पौराणिक तीर्थनगरी शुकतीर्थ में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लगने वाले मेले की रौनक शुरू हो गई है। शनिवार को वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच मेले का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने पूजा-अर्चना कर आयोजन की शुरुआत कराई। मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न इंतजाम किए गए हैं।भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर और जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया। उद्घाटन समारोह में एमएलसी वंदना वर्मा, सुप्रिया पाल, ब्लॉक प्रमुख अनिल राठी, मंडल अध्यक्ष अरुण पाल, रामकुमार शर्मा, जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी योगेश कुमार, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार, प्रदीप निर्वाल, योगेश गुर्जर, सीओ भोपा राधारमण सिंह और थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।मेले के आयोजन के साथ ही खेल और स्वास्थ्य सुविधाओं की भी शुरुआत की गई। अतिथियों ने मेला ग्राउंड में आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस दौरान शांति और सद्भाव का संदेश देते हुए कबूतर उड़ाए गए। खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया गया। वहीं श्रद्धालुओं को उपचार की सुविधा देने के लिए स्वास्थ्य शिविर और सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए पंचायत विभाग का शिविर भी शुरू किया गया।जिला पंचायत की ओर से मेले की व्यवस्थाओं के लिए 49 लाख 21 हजार रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। इस धनराशि से श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, प्रकाश, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रशासन और जिला पंचायत के अधिकारी मेले की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में जुटे हैं। मेला 25 नवंबर तक चलेगा और 24 नवंबर को मुख्य गंगा स्नान होगा।उधर, उद्घाटन के बाद भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर शुकदेव आश्रम पहुंचे। यहां उन्होंने हवन-यज्ञ में आहुति देने के साथ अक्षय वट वृक्ष की परिक्रमा की और शुकदेव मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने आश्रम में महान संत स्वामी कल्याण देव महाराज से जुड़ी स्मृतियों और वस्तुओं का भी अवलोकन किया। शाम को गंगा घाट पर भव्य महाआरती आयोजित की गई, जिसमें साधु-संतों, जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं ने भाग लेकर मां गंगा की आरती की।