राष्ट्रीय चैंपियनशिप में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर किया था जिले का नाम रोशन, अब अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में दिखाएंगे प्रतिभा
मुजफ्फरनगर। खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले जिले के तीन खिलाड़ियों को अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हुनर दिखाने का अवसर मिला है। नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित होने वाली एशिया पेसिफिक आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप के लिए मुजफ्फरनगर के तीन खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया और प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर पदक जीतने के लिए प्रेरित किया।
काठमांडू (नेपाल) में 28 दिसंबर 2026 से एक जनवरी 2027 तक एशिया पेसिफिक आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप आयोजित होगी। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करने जा रहे कार्तिक रघुवंशी, जय बालियान और जानवी चौधरी ने इससे पहले राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा साबित की है। तीनों खिलाड़ियों ने जून 2026 में भोपाल में आयोजित 48वीं राष्ट्रीय आर्म कुश्ती चैंपियनशिप में पदक हासिल कर जनपद को गौरवान्वित किया था।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कार्तिक रघुवंशी ने स्वर्ण पदक जीतकर पहला स्थान हासिल किया, जबकि जय बालियान ने रजत और जानवी चौधरी ने कांस्य पदक अपने नाम किया। राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस सफलता के आधार पर तीनों खिलाड़ियों को अब अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिला है।
सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने तीनों खिलाड़ियों को पुष्पगुच्छ भेंट किए और खेल किट देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को मिठाई खिलाकर उनकी उपलब्धि पर खुशी जताई। जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना जिले के लिए गौरव की बात है। खिलाड़ियों की यह सफलता अन्य युवाओं को भी खेलों में आगे बढ़ने और मेहनत के दम पर अपनी पहचान बनाने के लिए प्रेरित करेगी।
जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पूरे आत्मविश्वास और तैयारी के साथ उतरें तथा बेहतर प्रदर्शन कर देश और जनपद का नाम रोशन करें। उन्होंने प्रतियोगिता की तैयारी और खेल संबंधी आवश्यकताओं के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
सम्मान समारोह में सिटी मजिस्ट्रेट दीपक कुमार पाल, प्रभारी क्रीड़ाधिकारी भूपेन्द्र सिंह और आर्म कुश्ती जिला सचिव जितेन्द्र ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। सभी ने उम्मीद जताई कि तीनों खिलाड़ी नेपाल में होने वाली प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जिले के लिए पदक जीतेंगे।