मुजफ्फरनगर। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व नचिकेता स्कूल्स में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में आध्यात्मिक वातावरण नजर आया। विद्यार्थियों को गुरु नानक देव जी के जीवन, उनकी शिक्षाओं और मानवता के प्रति दिए गए संदेशों से परिचित कराया गया।प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में विद्यालय की ओर से प्रभात फेरी निकाली गई। इसमें विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। प्रभात फेरी में कुछ विद्यार्थी पंज प्यारों के स्वरूप में सजे नजर आए, जो आकर्षण का केंद्र रहे।

इस आयोजन के माध्यम से समाज को प्रेम, शांति, समानता, सेवा और आपसी सद्भाव का संदेश दिया गया।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को गुरु नानक देव जी के आदर्शों और उनके बताए मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी गई। उन्हें बताया गया कि समाज में ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर सभी के साथ समान व्यवहार करना ही सच्ची मानवता है। विद्यालय में गुरु नानक देव जी के प्रसिद्ध संदेश ‘एक ओंकार, सतनाम’ के आध्यात्मिक महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। विद्यार्थियों ने उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और प्रत्येक व्यक्ति के प्रति सम्मान एवं सहयोग की भावना रखने का संकल्प लिया।

विद्यालय की उपप्रधानाचार्या श्रीमती जसबीर कौर ने विद्यार्थियों को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी समाज को सही दिशा दिखाने का काम करती हैं। उनके विचार हमें सत्य, ईमानदारी, निस्वार्थ सेवा और मानवता के प्रति समर्पण की सीख देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे इन मूल्यों को केवल पर्वों तक सीमित न रखें, बल्कि अपने व्यवहार और दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं।कार्यक्रम का समापन गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को आत्मसात करने तथा समाज में प्रेम, एकता और भाईचारे को मजबूत बनाने के संकल्प के साथ हुआ। विद्यालय का यह आयोजन विद्यार्थियों को धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने के साथ मानवीय मूल्यों की समझ विकसित करने का माध्यम बना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group