आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, 25 से अधिक लोग घायल; बस में सवार थे 50 बच्चे

कन्नौज। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। आगरा से पिकनिक मनाकर लौट रहे स्कूली बच्चों की बस को पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई गई है।बताया गया कि कौशांबी के सिराथू स्थित ओरिएंट पब्लिक स्कूल के बच्चे आगरा की यात्रा से वापस लौट रहे थे। मंगलवार सुबह करीब छह बजे ठठिया थाना क्षेत्र में बस एक्सप्रेसवे किनारे खड़ी थी। बस में सवार कुछ बच्चे शौच के लिए नीचे उतरे हुए थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और अंदर बैठी सीटें तक उखड़ गईं।दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस में फंसे बच्चों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस से तिर्वा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल बच्चों को कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया।पुलिस के मुताबिक बस में कुल 58 लोग सवार थे, जिनमें 50 बच्चे शामिल थे। हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों की पहचान आर्यन चौरसिया (14), रजीउल्लाह (16), जैद मिर्जा (17) और अरमान (17) के रूप में हुई है। हादसे में स्कूल प्रबंधक सलमान समेत कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं।एसपी विनोद कुमार ने बताया कि बस एक्सप्रेसवे किनारे खड़ी थी और बच्चे शौच के लिए उतरे हुए थे। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने बस में टक्कर मार दी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर राहत कार्य और घायलों के उपचार की जानकारी ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group