गंगा घाटों से लेकर पार्किंग और सुरक्षा इंतजामों तक का लिया जायजा, अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि रखने के निर्देश
मुजफ्फरनगर। कार्तिक पूर्णिमा पर तीर्थनगरी शुक्रताल में लगने वाले गंगा स्नान मेले को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही और मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सोमवार को सहारनपुर मंडल के आयुक्त रूपेश कुमार ने जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के साथ मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने गंगा घाटों सहित पूरे मेला परिसर में की गई व्यवस्थाओं को परखा और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त और दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने गंगा घाटों पर स्नान की व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आने-जाने के रास्तों, सुरक्षा प्रबंधों और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों का जायजा लिया। इसके अलावा वाहनों की पार्किंग, यातायात संचालन, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति भी देखी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। स्नान के दौरान घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने और सुरक्षा इंतजामों को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रमुख मार्गों, प्रवेश और निकास द्वारों, गंगा घाटों तथा अधिक भीड़ वाले स्थानों पर पुलिस की सतर्क निगरानी रहनी चाहिए। श्रद्धालुओं की आवाजाही के दौरान जाम की स्थिति न बने, इसके लिए यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने और भीड़ नियंत्रण के लिए प्रभावी प्रबंध करने पर जोर दिया गया।पुलिस अधिकारियों को संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के साथ किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन तैयार रखने को कहा गया। वहीं मेला ड्यूटी में लगाए गए पुलिस और प्रशासनिक कर्मचारियों को आपसी तालमेल के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार किया जाए और किसी भी समस्या की सूचना मिलने पर बिना देरी किए उसका समाधान कराया जाए।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था जैसी सुविधाओं को भी महत्वपूर्ण बताया। संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया कि मेला अवधि में सभी व्यवस्थाएं सुचारु रहें और श्रद्धालुओं को गंगा स्नान के दौरान किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।इस दौरान उप जिलाधिकारी जानसठ, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। मंडलायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर मेले की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।