मुजफ्फरनगर। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की योजना को लेकर प्रशासन ने निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने जिला पेयजल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों को तय समय में पूरा कराया जाए। गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।जिलाधिकारी ने कहा कि जल जीवन मिशन केंद्र और प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण योजना है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के प्रत्येक परिवार को नल के माध्यम से स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना है। ऐसे में परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए, ताकि लोगों को जल्द योजना का लाभ मिल सके।बैठक के दौरान कार्यदायी संस्था एनकेजी के लंबित मामलों पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने फर्म के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से भी परियोजनाओं की प्रगति पर लगातार नजर रखने और कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा।डीएम ने निर्देश दिए कि पेयजल परियोजनाओं की समीक्षा अब प्रत्येक महीने नियमित रूप से की जाए। इससे कार्यों की वास्तविक प्रगति का आकलन करने के साथ निर्माण में आने वाली समस्याओं का समय रहते निस्तारण किया जा सकेगा।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अमीत कुमार, जिला पंचायती राज अधिकारी, जल निगम के सहायक एवं अवर अभियंता, कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि, जिला परियोजना प्रबंधन इकाई तथा थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन एजेंसी के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group