शामली। कांधला क्षेत्र के गांव गंगेरू में देसी शराब के ठेके पर चार युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। दो बाइकों पर सवार होकर पहुंचे युवकों ने हथियारों के बल पर सेल्समैन को डराया और उसके साथ मारपीट कर करीब दो लाख रुपये लूट लिए। विरोध करने पर उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। वारदात के बाद चारों आरोपी मौके से फरार हो गए।मुजफ्फरनगर के तितावी क्षेत्र के गांव पीपलहेड़ा निवासी जसवीर सिंह ने जिलाधिकारी शामली को दिए शिकायती पत्र में बताया कि गांव गंगेरू में देसी शराब का ठेका उनके नाम पर है। उनका बेटा दिग्विजय ठेके पर शराब बिक्री का काम करता है।शिकायत के अनुसार, 23 नवंबर की शाम करीब साढ़े सात बजे दो बाइकों पर सवार चार युवक ठेके पर पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने हथियार दिखाकर दिग्विजय के साथ मारपीट की और ठेके की दो दिन की बिक्री से जमा करीब दो लाख रुपये लूट लिए। विरोध करने पर आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया।पीड़ित पक्ष ने आरोपियों की पहचान विक्कल, राहुल, चिंटू और हिमांशु के रूप में बताई है। चारों कांधला थाना क्षेत्र के गांव गढ़ीश्याम के निवासी बताए गए हैं।घटना के बाद 24 नवंबर को पीड़ित ने शिकायती पत्र देकर पुलिस से मामले में रिपोर्ट दर्ज करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही जिलाधिकारी से भी न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित पक्ष ने लूटी गई रकम बरामद कराने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।